डभरा में सावन के अंतिम सोमवार पर भव्य कांवड़ यात्रा, श्री डभरेश्वर महादेव का हुआ जलाभिषेक ​डभरा।

 

डभरा में सावन के अंतिम सोमवार पर भव्य कांवड़ यात्रा, श्री डभरेश्वर महादेव का हुआ जलाभिषेक



डभरा/सक्ती: सावन माह के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर नगर डभरा में आस्था और भक्ति का भव्य नजारा देखने को मिला। हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी 'श्री डभरेश्वर सेवा समिति' के तत्वावधान में सैकड़ों की संख्या में कांवड़ियों ने विशाल कांवड़ यात्रा निकाली।

​कांवड़ यात्रा माझा खोल डभरा से प्रारंभ हुई, जहाँ डीजे और बाजे-गाजे की धुन पर नाचते-झूमते हुए शिवभक्त महानदी की ओर रवाना हुए। पूरे मार्ग में 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने महानदी से विधि-विधान पूर्वक पवित्र जल भरा और नगर भ्रमण करते हुए श्री डभरेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहाँ पार्थिव शिवलिंग का विधिपूर्वक जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद सभी भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।

​तालाब के बीच बन रहा 21 फीट का विशाल शिवलिंग

उल्लेखनीय है कि डभरा के प्रसिद्ध बंधवा टार तालाब के बीचों-बीच श्री डभरेश्वर महादेव के 21 फीट ऊंचे विशाल शिवलिंग तथा 12 ज्योतिर्लिंगों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस भव्य धाम के निर्माण से क्षेत्र में विशेष उत्साह है।

​हर वर्ष सावन के अंतिम सोमवार को आयोजित होने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान के सफल संचालन में स्थानीय शिवभक्तों, युवाओं और समिति के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post