सेवा संकल्प अभियान : सेवा की कहानी
जल जीवन मिशन से बदली किरारी की तस्वीर, हर घर पहुंचा नल का पानी।
सक्ती, 30 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आमजन की सेवा की कहानियां सामने आ रही है। विकासखंड डभरा के ग्राम किरारी में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा संचालित जल जीवन मिशन ने वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान किया है।
कभी पीने के पानी के लिए दूर-दराज के स्रोतों पर निर्भर रहने वाले ग्रामीणों के घरों तक अब नल के माध्यम से नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल पहुंच रहा है। इससे ग्रामीणों के जीवन में सुविधा के साथ-साथ स्वास्थ्य, समय की बचत और जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आया है।
सक्ती जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर ग्राम किरारी में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई थी। गांव की महिलाओं को पानी लाने के लिए दूर स्थित हैंडपंप और कुओं पर निर्भर रहना पड़ता था। गर्मी के दिनों में पानी की कमी के कारण लंबी कतारें लगती थीं। इसका असर बच्चों की पढ़ाई और ग्रामीणों के दैनिक कार्यों पर भी पड़ता था तथा शुद्ध पेयजल के अभाव में जलजनित बीमारियों की समस्या भी सामने आती थी। जल जीवन मिशन योजना के प्रारंभ होने के बाद गांव में इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य शुरू हुआ। जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम किरारी में हर घर जल कार्य प्रारंभ किया गया। गांव के लिए पाइप जल प्रदाय योजना स्वीकृत कर उच्चस्तरीय जलागार का निर्माण, जलस्रोत का विकास तथा पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया गया। इसके माध्यम से गांव के प्रत्येक परिवार को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराया गया।
*821 परिवारों तक पहुंचा नल का पानी*
वर्ष 2024 में योजना का कार्य पूर्ण हुआ। ग्राम किरारी के 821 परिवारों को नल कनेक्शन के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 55 लीटर प्रति व्यक्ति पानी की आपूर्ति की जा रही है। साथ ही ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (VWSC) का गठन कर योजना के संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी स्थानीय स्तर पर सुनिश्चित की गई है। अब ग्रामीणों को घर पर ही स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है।
*जल जीवन मिशन से लाभान्वित करम बाई निषाद के जीवन में आया बदलाव*
ग्राम किरारी की निवासी श्रीमती करम बाई निषाद बताती हैं कि पहले उन्हें परिवार के लिए पानी लाने दूर जाना पड़ता था। कई बार पानी के लिए काफी समय लग जाता था, जिससे घर-परिवार और आजीविका से जुड़े अन्य कार्य प्रभावित होते थे। अब घर के नल से पानी मिलने से उनकी रोजमर्रा की जिंदगी आसान हो गई है। बचा हुआ समय वे परिवार की देखभाल और आजीविका से जुड़े कार्यों में लगा पा रही हैं। श्रीमती करम बाई निषाद कहती हैं कि “पहले रोज कई बार पानी लाने के लिए दूर जाना पड़ता था। अब घर के नल से पानी मिल जाता है। इससे समय और मेहनत दोनों बच रहे हैं और परिवार की देखभाल व आजीविका के काम के लिए अधिक समय मिल पा रहा है।”
जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्राम किरारी में आया यह बदलाव केवल घर तक पानी पहुंचने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य, सम्मान, समय की बचत और जीवन स्तर में सुधार हुआ है। हर घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचने से गांव में जल संरक्षण, स्वच्छता और जल गुणवत्ता के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है। जल जीवन मिशन ने किरारी में ‘हर घर जल’ के संकल्प को धरातल पर साकार करते हुए ग्रामीणों के जीवन में सुविधा और बदलाव की नई कहानी लिखी है। इस योजना के लिए ग्रामवासियों एवं करम बाई निषाद ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया।

